रुद्रपुर(उद संवाददाता)। शुक्रवार रात्रि आये तेज अंधड़ व तूफान ने ने भारी तबाही मचाई है। इससे जहां दर्जनों मकान, विद्युत पोल व पेड़ गिर गये तो वहीं घरों में मौजूद लोगों को गंभीर चोटें भी आ गई। जिनमें अनेक घायलों को उपचार के लिए चिकित्सालय ले जाया गया। तेज अंधड़ के दौरान कई आवासीय क्षेत्रें से लोगों की चीख पुकार की आवाजें गूंजती रही। लोग अपने घरों की टीनों को कागज की तरह उड़ते देख रहे थे। इस बीच हुई बरसात ने भी लोगों की परेशानियों को और बढ़ा दिया। लोग अपने व अपने परिवार के बचाव के लिए इधर उधर भागते दिखाई दिये। जिला मुख्यालय के मुख्य बाजार सहित व कई आवासीय क्षेत्रें में आंधी तूफान ने तबाही मचाई परंतु पहाड़गंज में आंधी तूफान का सबसे ज्यादा प्रभाव दिखाई दिया जहां दर्जनों दुकानों के बोर्ड व घरों पर लगीं टीन की छतें उड़ गई कई घरों की दीवारें ढ़ह गई। इस दौरान करीब दो दर्जन से ज्यादा लोगों के घायल होने की भी सूचना मिली है जिनमें कई घायलों को उपचार के लिए चिकित्सालय ले जाया गया। गत रात्रि लगभग 11 बजे से अचानक तेज हवायें चलनी शुरू हुई जिसने देखते ही देखते तेज अंधड़ और तूफान का रूप ले लिया। जिससे तेज आवाजों के साथ दर्जनों घरों की टीन की छतें घर से उखड़ कर कागजों के तरह उड़ने लगीं। दीवारें ढ़हने लगीं। यह मंजर देख ऐसे घरों में रह रहे परिवारों में चीख पुकार शुरू हो गई।
वह अपने बचाव के लिए आंधी की परवाह न कर इधर उधर भागने लगे। पहाड़गज में नगर निगम के कार्यालय के लिए रखी गयी टीनें और लोहे के एंगल उड़कर कई घरों में जा गिरे इससे आधा दर्जन घर क्षतिग्रस्त हो गये और घरों में मौजूद लोग घायल हो गये। घायलों में इरफान पुत्र हनीफ, अर्शी पुत्री हनीफ, ईश्वरी पत्नी रामा शाह, मौ- फैज, नजाकत शाह पुत्र अली हुसैन, रेशमा पत्नी नजाकत, मेहरदीन शाह खुर्शीद बेग,बालक मियां, फिजला, राजेश आदि शामिल हैं। इसके अलावा तेज अंधड़ के कारण अनेक क्षेत्रें में विद्युत पोल भी गिर गये। जिससे शहर के कई इलाकों की विद्युत आपूर्ति बाधित हो गई। आंधी तूफान और अंधेरे के बीच लोगों को अपने बचाव के लिए काफी परेशानियों से जूझना पड़ा। अनेक स्थानों पर मार्गों पर पेड़ गिरने से आवाजाही प्रभावित हो गई। इस दौरान एक बुलेरो वाहन पर भारी भरकम पेड़ के गिर जाने से वाहन में सवार लोगों को चोटें आ गई। वन विभाग की टीमें आंधी थमते ही गिरे पेड़ों को मार्गों पर से हटाने के लिए जुट गये थे। वहीं विद्युत विभाग के अधिकारी व कर्मचारी गिरे विद्युत पोलों के स्थान पर नये पोल लगाने में जुट गये हैं ताकि विद्युत व्यवस्था को सुचारू किया जा सके।वहीं पहाड़गंज में भारी नुकसान की जानकारी मिलने पर शनिवार प्रातः महापौर विकास शर्मा ने नगर निगम की टीम के साथ मौके पर पहुंचकर नुकसान का जायजा लिया और उन्होंने आपदा प्रभावित परिवार से बात की और उन्हें हर सम्भव मदद का आश्वासन दिया। महापौर ने घायलों के उपचार के लिए पीएमएस राजेश सिन्हा से फोन पर बात की और घायलों के उपचार के लिए मौके पर टीम भेजने को कहा। जिसके बाद मौके पर स्वास्थ्य विभाग की टीम ने घायलों का उपचार किया। इस दौरान महापौर ने प्रभावित परिवारों के लिए भोजन और कच्चे राशन की भी व्यवस्था की। उन्होंने प्रभावित परिवारों को भरोसा देते हुए कहा कि जो भी नुकसान हुआ है उसकी भरपाई नगर निगम की ओर से की जायेगी। महापौर ने कहा कि यह प्राकृतिक आपदा थी, इससे रूद्रपुर ही नहीं बल्कि कई स्थानों पर नुकसान हुआ है। जहां तक नगर निगम की टीनों से नुकसान का सवाल है उसकी जांच की जायेगी। इसमें अगर ठेकेदार की लापरवाही सामने आयी तो ठेकेदार को बख्शा नहीं जायेगा। उनहोंने कहा कि फिलहाल प्रभावित परिवारों को हरसंभव राहत प्रदान की जा रही है। जो भी क्षति हुयी है उसका आंकलन नगर निगम की टीम द्वारा किया जा रहा है। जिन घरों को नुकसान हुआ है उसका निर्माण नगर निगम द्वारा कराया जायेगा। साथ ही पीड़ितों को आपदा राहत कोष से भी मदद दिलाने का प्रयास किया जायेगा। उन्होंने कहा कि शहर में अन्य स्थानों पर भी पेड़ टूटने से नुकसान की खबरें सामने आयी हैं, नगर निगम सुबह से ही व्यवस्थाओं को दुरूस्त करने में जुटा है। इस दौरान पहाड़गंज के पार्षद नुरूददीन, सहायक नगर आयुक्त शिप्रा जोशी पाण्डे, सहित नगर निगम के कई अधिकारी और कर्मचारी मौजूद थे।
नगर निगम ठेकेदार की लापरवाही सामने आई
रूद्रपुर। पहाड़गंज में अंधड़ के दौरान हुए नुकसान में नगर निगम के ठेकेदार की लापरवाही सामने आयी है। बताया गया है कि नगर निगम के जोनल कार्यालय के पहाड़गंज में जो कार्यालय खुलना है उसके ठेकेदार की ओर से निर्माण कराया गया था, इसमें टीन की चादरों को दीवारों के उपर बिना किसी सपोर्ट के रख दिया गया। टीनें मजबूती से नहीं लगने के कारण अंधड़ के दौरान लोगों के घरों में पहुंच गयी और इससे करीब आधा दर्जन घर क्षतिग्रस्त हो गये और उनमें मौजूद लोग घायल हो गये। प्रथम दृष्टया इस नुकसान में ठेेकेदार की लापरवाही सामने आयी है। मामले पर महापौर विकास शर्मा ने भी नाराजगी प्रकट की है। उन्होंने कहा कि मामले की जांच की जा रही है यदि ठेकेदार की लापरवाही उजागर हुई तो निश्चित रूप से ठेकेदार पर कार्रवाई की जायेगी। मेयर ने कहा कि निर्माण कार्यों में जनहितों से खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जायेगा।